आरोपी के कब्जे से 222 पेटी अवैध शराब, कुल 1,976.52 बल्क लीटर, कीमत लगभग 9,89,500 रुपये की शराब जप्त
बिलाल खत्री
आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में दिनांक 9.11.2026 को थाना बखतगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बखतगढ़ के हरिजन मोहल्ले में अहमद मकरानी के घर पर बडी मात्रा में अवैध शराब संग्रहित कर रखी गई है। सूचना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना बखतगढ़ पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई तथा संदिग्ध व्यक्ति अहमद पिता रजक मकरानी (मंसुरी), उम्र 28 वर्ष, निवासी बाजार फलिया, ग्राम बखतगढ़ को अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा विधिवत तलाशी की कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर के कमरे में विभिन्न ब्रांड की शराब की पेटियां रखी हुई पाई गईं। आरोपी से शराब के संग्रहण एवं कब्जे के संबंध में वैध लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत करने हेतु पूछताछ की गई, जिस पर उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। तलाशी के दौरान कुल 222 पेटी शराब बरामद हुई, जिसमें गोवा व्हिस्की, एमडी व्हिस्की, लंदन प्राइड व्हिस्की, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर, बडवाइजर मैग्नम बीयर, माउंट 6000 बीयर, एमडी फुल बोतल एवं एमडी हाफ बोतल शामिल हैं। बखतगढ पुलिस द्वारा उक्त शराब की कुल मात्रा 1,976.52 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत 9,89,500 रुपये की विधिवत जप्ती की गई।
आरोपी अहमद पिता रजक मकरानी (मंसुरी), उम्र 28 वर्ष, निवासी बाजार फलिया, ग्राम बखतगढ़ के विरुद्ध थाना बखतगढ़ पर अपराध क्रमांक 179/2026, धारा 34(1), 34(2), 36 आबकारी एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।





