बिलाल खत्री
आलीराजपुर जिला पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक समर वर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस आलीराजपुर द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में मोबाइल गुम होने संबंधी प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा सायबर सेल, आलीराजपुर को गुम मोबाइल फोन की खोज एवं बरामदगी हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशानुसार सायबर सेल द्वारा ऑपरेशन हेलो अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आधुनिक तकनीकी संसाधनों एवं वैज्ञानिक अनुसंधान पद्धतियों का उपयोग करते हुए पूर्व में भी 1138 से अधिक गुम मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाए जा चुके हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक समर वर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल, SDOP जोबट आशुतोष पटेल व SDOP आलीजपुर डॉ. शक्तिसिंह चौहान के मार्गदर्शन में सायबर सेल टीम द्वारा पुनः तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग एवं CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से विभिन्न कंपनियों के कुल 86 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कुल कीमत लगभग ₹1675800/- है।
बरामद किए गए मोबाइल फोन नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गये।
इस कार्यवाही से मोबाइल धारकों को महत्वपूर्ण राहत प्राप्त हुई है तथा जिला पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। इस उल्लेखनीय सफलता में सायबर सेल के निम्न अधिकारी,कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा निरी. छगनसिंह बघेल, प्र.आर. 06 दिलीप चौहान • आर. 105 प्रमोद भयडिया • आर. 465 नागरसिंह सोलांकी, आर.227 मांगीलाल सोलंकी, आर.78 रोहित चौहान के साथ ही जिले के समस्त थानों के सायबर मित्रों द्वारा भी मोबाइल ट्रेसिंग एवं समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।
जिला पुलिस आलीराजपुर नागरिकों से अपील करती है कि मोबाइल गुम होने अथवा किसी भी प्रकार की सायबर संबंधी घटना होने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना, सायबर सेल अथवा राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं जिला पुलिस आलीराजपुर





