धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
विगत 02 माह में अवैध गांजा खेती के विरुद्ध मनावर पुलिस की 10वीं कार्रवाई
कपास एवं तुअर के खेत से गांजे के 150 हरे पौधे जप्त, वजन 451 किलोग्राम
अवैध गांजा खेती करने वाला आरोपी मुन्ना गावड़ गिरफ्तार, जप्त गांजे की अनुमानित कीमत ₹54,12,000/-
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार विजय डावर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनावर प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में थाना मनावर पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, क्रय-विक्रय एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में ऑपरेशन “प्रहार” के तहत थाना मनावर पुलिस द्वारा अवैध गांजा खेती के विरुद्ध एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर गांजे के पौधे जप्त किए गए।
ग्राम करौंदिया खुर्द में अवैध गांजा खेती पर दबिश –
दिनांक 04.11.2026 को चौकी उमरबन, थाना मनावर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम करौंदिया खुर्द, उमरबन में एक खेत में कपास एवं तुअर की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है।
मुखबिर की सूचना की तस्दीक उपरांत पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी मुन्ना गावड़ पिता खुमसिंह गावड़, जाति भील, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम करौंदिया खुर्द के खेत से अवैध रूप से उगाए गए गांजे के कुल 150 हरे पौधे बरामद किए गए।
पुलिस द्वारा गांजे के पौधों को विधिवत जप्त कर आरोपी मुन्ना गावड़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
विगत दो माह में मनावर पुलिस की 10वीं कार्रवाई –
मनावर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजे की खेती के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। विगत दो माह में गांजे की अवैध खेती के विरुद्ध कुल 10 प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।
अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी एवं कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध मनावर पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्यवाही का संक्षिप्त विवरण –
कार्रवाई का स्थान – ग्राम करौंदिया खुर्द, उमरबन
जप्त गांजे के हरे पौधे – 150 नग
कुल वजन – 451 किलोग्राम (4 क्विंटल 51 किलोग्राम)
अनुमानित कीमत – ₹54,12,000/-
गिरफ्तार आरोपी – मुन्ना गावड़ पिता खुमसिंह गावड़
जाति – भील, उम्र 38 वर्ष
निवासी ग्राम करौंदिया खुर्द, चौकी उमरबन
वैधानिक कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मनावर निरीक्षक राजेश यादव, चौकी प्रभारी उमरबन उपनिरीक्षक प्रकाश अलावा, प्रधान आरक्षक 88 आमिर अंसारी, 638 ललित कुमरावत, आरक्षक 687 गंगाराम एवं 290 शैलेन्द्र का सराहनीय योगदान रहा।
धार पुलिस ऑपरेशन “प्रहार” के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध।





