सरदारपुर जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार
ऑपरेशन प्रहार के तहत सरदारपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 385.100 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त, कीमत करीब 4.62 लाख रुपये।
सरदारपुर। धार जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत सरदारपुर पुलिस ने ग्राम खमालिया में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गन्ने की फसल के बीच छिपाकर लगाए गए गांजे के 240 हरे पौधे बरामद किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 385.100 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 62 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से 58 वर्षीय आरोपी तोलाराम पिता नंदराम पटलिया को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को सहायक उपनिरीक्षक मनीष परमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खमालिया निवासी तोलाराम अपने खेत में गन्ने की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं पारुल बेलापुरकर तथा एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम स्वतंत्र पंच साक्षियों, पटवारी एवं कोटवार को साथ लेकर खेत पर पहुंची, जहां गन्ने की फसल के बीच गांजे के पौधे लगे मिले। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए 240 पौधों को उखड़वाकर 12 बोरों में भरवाया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर कुल वजन 385.100 किलोग्राम पाया गया। पौधों को सीलबंद कर आवश्यक जांच के लिए मिट्टी एवं जड़ों के नमूने भी लिए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरदारपुर में अपराध क्रमांक 292/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार जाधव, उपनिरीक्षक जगदीशचन्द्र निनामा, सहायक उपनिरीक्षक मनीष परमार, प्रधान आरक्षक कैलाश कटारे, रामकृष्ण गामड़, गज्जुलाल वसुनिया, मोहनसिंह गामड़, सरदारसिंह डोडवे तथा आरक्षक रामगोपाल बैरागी, विजेन्द्र डामोर, मनोज मुजाल्दे, राजेश मेहरा, दिनेश सैनानी एवं सौरभ मोरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





