धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
कुक्षी। हिन्दी भाषा के प्रचार एवं विस्तार से कार्यरत मातृभाषा उन्नयन संस्थान के आनुषंगिक प्रकल्प मातृभाषा डॉट कॉम के दशक उत्सव निमित्त कुक्षी नगर के महनीय साहित्यकार एवं भाषा सेवी आचार्य पंडित कैलाशचन्द्र शर्मा एवं श्रीमती अमृता भावसार को भाषा सारथी सम्मान से सम्मानित किया गया। संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ एवं वरिष्ठ पत्रकार व पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष देवेन्द्र जैन ने यह सम्मान प्रदान किया।
पण्डित कैलाशचन्द्र शर्मा वर्षों से साहित्य साधना में जुटे हुए हैं। आप प्रधानअध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
श्रीमती अमृता जितेंद्र कुमार भावसार शासकीय शिक्षिका होने के साथ-साथ ग्रामीण शिक्षा ग्राम भारती मालवा प्रांत में उपाध्यक्ष का दायित्व निर्वहन करते हुए हिन्दी भाषा की सेवा कर रही हैं।
डॉ. अर्पण जैन ने कहा कि ‘मातृभाषा डॉट कॉम की दस वर्षों की यात्रा में हमने देश-विदेश में हिन्दीसेवियों को सम्मानित किया है, और हमारा प्रयास है कि हिन्दी की सेवा करने वाले प्रत्येक भाषा सारथी तक हम पहुँचे। इस समय दशक उत्सव के निमित्त देशभर से लगभग 100 साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।’
संस्थान की स्थापना वर्ष 2016 में हुई है। और वर्तमान में संस्थान के प्रयासों से 40 लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर बदले हैं।





