संवाददाता : सलीम खान
खरगोन जिले के कसरावद के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर कसरावद विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री सचिन सुभाष यादव ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
विधायक यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी खरगोन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय और शाम 6 बजे से रात्रि के समय बार-बार बिजली कटौती की जा रही है। वर्तमान में नवरात्रि का दुर्गा उत्सव चल रहा है, ऐसे में बिजली गुल होने से माता की आराधना कर रहे श्रद्धालुओं, ग्रामीण नागरिकों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रात में बिजली बंद होने से दुर्गा पंडालों और धार्मिक स्थलों पर अंधेरा छा जाता है, जिससे पूजा-अर्चना और कार्यक्रमों में व्यवधान होता है। वहीं कृषि कार्यों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है, सिंचाई सहित अन्य कार्यों में किसानों को दिक्कत आ रही है। इसे लेकर विधानसभा क्षेत्र के किसान और ग्रामीण ज्ञापन, धरना और चक्का जाम कर रहे हैं।
विधायक ने मांग की है कि धार्मिक आस्था और जनहित को देखते हुए संबंधित विद्युत अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर एवं निर्बाध विद्युत प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं। यदि तकनीकी कारणों से कटौती जरूरी भी हो तो रात में लंबी कटौती की जगह दिन में सीमित अवधि के लिए पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कटौती की जाए।
इस पत्र की प्रतिलिपि प्रबंध निदेशक मप्रपक्षेविविकं इंदौर, मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री खरगोन को भी भेजी गई है।
इस मुद्दे को लेकर विधायक प्रतिनिधि अमित यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पारसराम यादव, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र पटेल, जपं उपाध्यक्ष प्रतिनिधि लखन पटेल, सर्व जपं अध्यक्ष अमरसिंह पटेल, उपाध्यक्ष शंकर पटेल, मंडलम अध्यक्ष मंशाराम वर्मा, संतोष मोरी, सेक्टर प्रभारी भीमसिंह पटेल, मुकेश यादव,
सरपंच प्रतिनिधि बड़गांव सुरेश मालाकार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने समर्थन दिया है।





