जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार सरदारपुर
सरदारपुर। धार जिले के सरदारपुर से इस वक्त की बड़ी खबर है, जहां सरदारपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता हुई 9 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका की तलाश में पुलिस ने खेतों, झाड़ियों, सुनसान स्थानों और संभावित रास्तों के साथ-साथ माही नदी के तट एवं आसपास के क्षेत्रों में भी सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
दरअसल, 3 अक्टूबर 2026 को ग्राम टिमायची निवासी शांताबाई पति मनु परमार ने थाना सरदारपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 9 वर्षीय बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। काफी तलाश के बाद भी बालिका का पता नहीं चलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 253/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
नाबालिग बालिका की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उत्तर पारुल बेलापुरकर के मार्गदर्शन और SDOP सरदारपुर विश्वदीपसिंह परिहार के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने ग्राम टिमायची, भानगढ़ और आसपास के इलाकों में लगातार सर्चिंग की। खेतों, झाड़ियों, सुनसान स्थानों, रास्तों और संभावित आवागमन मार्गों के साथ माही नदी के तट एवं आसपास के क्षेत्रों को भी खंगाला गया। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ मानवीय एवं तकनीकी संसाधनों का भी प्रभावी उपयोग किया।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात लगातार मेहनत करते हुए संभावित स्थानों पर सघन तलाश की।
आखिरकार पुलिस के सतत एवं समन्वित प्रयासों से 9 वर्षीय बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया और उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया।
बालिका के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं, इस पूरी कार्रवाई में थाना सरदारपुर के साथ अमझेरा, राजगढ़ और राजोद थाना पुलिस की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सरदारपुर निरीक्षक अनिल कुमार जाधव, थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना, थाना प्रभारी राजगढ़ निरीक्षक समीर पाटीदार, थाना प्रभारी राजोद निरीक्षक खेरसिंह बंडे सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





