खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
शिविर में ग्रामीणों को मिल रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी का लिया जायजा,
कलेक्टर ने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश।
खरगोन । कलेक्टर गुरु प्रसाद ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान के तहत जनपद पंचायत सेगांव एवं ग्राम लोनारा में लगाए गए शिविरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, शासकीय योजनाओं एवं विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।
कलेक्टर गुरु प्रसाद ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया तथा निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को आमजन के और अधिक करीब लाना है। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो तथा उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान सभी ग्रामीण जनों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान एसडीएम सत्येंद्र बैरवा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





