संवाददाता : दिलीप पाटीदार बड़ोदिया
स्वर्गीय पूर्व सरपंच विक्रम खराड़ी को समर्पित की जीत, समर्थकों में खुशी की लहर।
बड़ोदिया। बड़ोदिया पंचायत में हुए सरपंच पद के उपचुनाव का परिणाम घोषित होते ही चुनावी तस्वीर साफ हो गई। उपचुनाव में कलाबाई खराड़ी ने 307 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर ऐतिहासिक विजय हासिल की। परिणाम सामने आते ही उनके समर्थकों और ग्रामवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए जीत का जश्न मनाया।
ग्राम पंचायत बड़ोदिया में कुल 1,498 मतदाता हैं। मतदान के दौरान कुल 1,157 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें कलाबाई खराड़ी को 722 वोट मिले तथा दुसरे उम्मीदवार को 415 वोट एवं 20 नोटा पर गए।
मतगणना पूरी होने के बाद जैसे ही कलाबाई खराड़ी की जीत की घोषणा हुई, उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने जीत पर खुशी जाहिर की और नवनिर्वाचित सरपंच को बधाई दी। पंचायत उपचुनाव के परिणाम को लेकर क्षेत्र में पहले से ही उत्सुकता बनी हुई थी और मतगणना के बाद परिणाम घोषित होते ही यह इंतजार समाप्त हुआ।
उपसरपंच जीवन पाटीदार ने जताया मतदाताओं का आभार
कलाबाई खराड़ी की जीत के बाद पंचायत के उपसरपंच जीवन पाटीदार ने समस्त मतदाताओं एवं ग्रामवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंचायत के सभी देवतुल्य मतदाता बंधुओं ने आज दिल से अपना समर्थन स्वर्गीय पूर्व सरपंच विक्रम जी खराड़ी को दिया है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय विक्रम जी खराड़ी की धर्मपत्नी कलाबाई खराड़ी को 307 मतों से मिली यह विजय उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। जीवन पाटीदार ने कहा कि ग्रामवासियों ने अपने मत के माध्यम से जो समर्थन और विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वे सभी मतदाताओं के आभारी हैं।
उपसरपंच जीवन पाटीदार ने कहा, “यह जीत विकास की जीत है।” उन्होंने सभी ग्रामवासियों को दिल से धन्यवाद देते हुए कहा कि चुनाव में अपना अमूल्य मत देकर समर्थन करने वाले प्रत्येक मतदाता के प्रति वे आभार व्यक्त करते हैं।





