खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रचनात्मक विचार और चित्र,
भाषण में शशांक कोगे और चित्रकला में वैष्णवी पाटीदार रहीं प्रथम
खरगोन । सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता ‘मेरे सपनों का भारत’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपने विचारों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान ने कहा कि देश के विकास में युवा पीढ़ी की सक्रिय एवं जिम्मेदार भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं के विचार, रचनात्मकता और संकल्प ही विकसित भारत की आधारशिला हैं। यही सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना भी है।
सेवा संकल्प अभियान प्रभारी डॉ. छीतू सिंह चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के भविष्य के प्रति अपने विचारों और कल्पनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए रचनात्मक मंच उपलब्ध कराना है।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति, आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता एवं देश के समग्र विकास जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने भारत को विकसित एवं सशक्त राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। प्रतियोगिता में शशांक कोगे ने प्रथम, निहारिका सुरगे ने द्वितीय एवं विनीता ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और कलाकृतियों के माध्यम से अपने सपनों के भारत को अभिव्यक्त किया। चित्रों में आधुनिक एवं विकसित भारत, स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण, नवीकरणीय ऊर्जा, वैज्ञानिक प्रगति, डिजिटल भारत, भारतीय संस्कृति एवं विरासत तथा आत्मनिर्भर भारत की झलक देखने को मिली। प्रतियोगिता में वैष्णवी पाटीदार ने प्रथम, दिव्या राठौर ने द्वितीय एवं पल्लवी गोस्वामी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. संध्या बटवे एवं डॉ. सुनैना चौहान ने बताया कि विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं रचनात्मक भावना के साथ सहभागिता की। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही राष्ट्र के भविष्य के प्रति अपने दृष्टिकोण को व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. बर्वे, डॉ. बामनिया, डॉ. गायत्री चौहान, डॉ. रमेश चौहान, डॉ. रविंद्र रावल, डॉ. गणेश पाटिल, डॉ. रंजिता पाटीदार, डॉ. धर्मेंद्र पाटीदार, डॉ. दिनेश चौधरी, डॉ. सावित्री भगोरे, अमिका बिरले एवं सचिन यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन ऐश्वर्या दिलावरे ने किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने शब्दों और रंगों के माध्यम से विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत की अपनी परिकल्पना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।





