जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
किला मैदान में 2 लाख दीपों से साकार हुआ ‘भारत’ और ‘सेवा संकल्प’, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने किया शुभारंभ।
धार। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को धार जिले में ‘सेवा संकल्प दिवस’ उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर 6 लाख से अधिक दीये जलाकर सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकार के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित किला मैदान में नगर पालिका परिषद धार द्वारा शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती सावित्री ठाकुर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं। विधायक श्रीमती नीना वर्मा, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
किला मैदान में 2 लाख दीयों से ‘भारत’ और ‘सेवा संकल्प’ की भव्य आकृति तैयार की गई। दीपों से जगमगाते मैदान ने कार्यक्रम को आकर्षक स्वरूप दिया। उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में सहभागिता का संकल्प लिया।
केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण की भावना के साथ मनाया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना तथा जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
उन्होंने नागरिकों से अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने और जरूरतमंदों की सहायता के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत जिले में सेवा, जनकल्याण, सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।





