शेख़ नसीम। भोपाल। नरेला विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 40 और 41 में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। करीब एक दर्जन से अधिक आवारा कुत्ते समूह बनाकर जनता क्वार्टर, जवाहर कॉलोनी, बाग फरहत अफजा मेन रोड, बड़ी मस्जिद, नुजूल कॉलोनी और औकाफ कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में घूमते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार सुबह और शाम के समय इन कुत्तों की संख्या सड़कों और गलियों में अधिक दिखाई देती है। इसी दौरान बच्चों के स्कूल, ट्यूशन और मदरसे जाने-आने का समय होता है। ऐसे में बच्चों के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों को भी आवारा कुत्तों के हमले का डर बना रहता है।
रहवासियों का कहना है कि कई बार कुत्ते समूह बनाकर राहगीरों के पीछे दौड़ते हैं, जिससे लोग घबराकर गिर भी सकते हैं। यदि समय रहते नगर निगम द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना होने की आशंका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से शिकायत या किसी हादसे के बाद महज दो-तीन कुत्तों को पकड़कर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है, जबकि क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते लगातार घूम रहे हैं। रहवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि वार्ड 40 और 41 में अभियान चलाकर आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित माहौल मिल सके।






