शेख़ नसीम। भोपाल। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर भोपाल मध्य से विधायक आरिफ मसूद ने बढ़ती शक्कर की कीमतों को देखते हुए अपनी बहनों का रक्षाबंधन फीका न रहे, इसके लिए उन्हें शक्कर के पैकेट उपहार स्वरूप भेंट किए।
देश में रक्षाबंधन के त्योहार से पहले शक्कर के बढ़ते दामों के बीच गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने त्योहार पर मिठास बनाए रखना चुनौती बन गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए विधायक आरिफ मसूद ने मध्य विधानसभा क्षेत्र की बहनों को अपने बंगले पर आमंत्रित कर शक्कर का वितरण किया।
इस दौरान विधायक आरिफ मसूद ने बहनों का मुंह मीठा कराया और उन्हें शक्कर के पैकेट उपहार में दिए। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व है और आर्थिक परेशानियों के कारण किसी बहन का त्योहार फीका नहीं पड़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बहनों ने विधायक आरिफ मसूद को राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र तथा लगातार चुनावों में जीत की शुभकामनाएं दीं। बहनों ने कहा, “भाई के रहते हुए बहनें कभी चिंता नहीं करतीं, ऐसा भाई ऊपर वाला सबको दे।”





