धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
धार, 19 अगस्त 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्त संस्था ‘‘मेरा युवा भारत’’ (माय भारत) धार के तत्वावधान में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को शहर के प्रमुख धार्मिक व प्राकृतिक स्थल देवी जी माता मंदिर परिसर एवं आसपास के तालाब किनारे एक दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और एक स्वच्छ, सुंदर एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुंवर विश्वनाथ सिंह ने युवाओं के साथ स्वयं झाड़ू उठाकर और कचरा एकत्र कर श्रमदान किया। इस दौरान नगर पालिका की टीम विशेष रूप से उपस्थित रही, जिसने सफाई व्यवस्था और कचरा निष्पादन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘‘मेरा युवा भारत’’ मंच के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना ही मुख्य प्राथमिकता है। स्वच्छता पखवाड़े के माध्यम से हर नागरिक तक यह संदेश पहुंचाना है कि अपने आसपास के सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखना ही सच्चे अर्थों में देश सेवा है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाना केवल प्रशासन का काम नहीं, बल्कि हम सभी की नागरिक जिम्मेदारी है और युवा ऊर्जा जब ऐसे पवित्र कार्यों से जुड़ती है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं खेल संगठनों की सराहनीय एवं अनुकरणीय सहभागिता रही। अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के जिला संगठक डॉ. केसर सिंह चौहान एवं प्रोग्राम ऑफिसर रमेश जामरा, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से गरिमा एवं उनकी टीम, गोलू फिजिकल एकेडमी से अमित अगोरे, एनएसएस ,स्काउट गाइड एवं माय भारत वॉलंटियर्स यश रावत, सुमित गावड़, गोपाल एवं अनुराग ने अपनी पूरी टीम के साथ श्रमदान गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के अंत में मंदिर परिसर व तालाब किनारे से भारी मात्रा में प्लास्टिक वेस्ट और कचरा एकत्र कर उसका सुरक्षित निष्पादन किया गया। उपस्थित सभी नागरिकों व युवाओं ने इस अवसर पर अपने आसपास के वातावरण को हमेशा स्वच्छ रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।





