बड़ी खट्टाली। चारभुजा धाम बड़ी खट्टाली में सावन मास के पावन अवसर पर माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा प्रभु चारभुजा नाथ मंदिर पर उत्साह एवं उमंग के साथ सावन झूला उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में महिला मंडल की सदस्यों ने पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता करते हुए झूला झूला और सावन के मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं जिसमें जगन्नाथ -जगन्नाथ, झूले -झूलेलाल झुलाय तोरी मैया आदि एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर महिलाओं ने भजन, गीत के माध्यम से सावन की खुशियां साझा कीं। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ पारंपरिक संस्कृति और महिला एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सावन पर्व की शुभकामनाएं दीं व बड़ी महिलाओं के चरण स्पर्श करते हुए उनका आशीर्वाद लिया तथा उत्सव का आनंद लिया। माहेश्वरी महिला मंडल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम ने उपस्थित महिलाओं में उत्साह और उल्लास का संचार किया।
अंत में सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।





