शेख़ नसीम। भोपाल / मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। नए और पुराने भोपाल दोनों जगह अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही ब-दस्तूर जारी है शहर की सड़कों, नालियों और दुकानों के सामने कई स्थानों पर लोगों द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और कई जगह जाम जैसी स्थिति बन जाती है।
नगर निगम का कहना है कि कार्रवाई से पहले कई बार मुनादी कराई जाती है और लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश भी दी जाती है। इसके बावजूद कई लोग अतिक्रमण नहीं हटाते, जिसके चलते निगम को मजबूरन बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ती है।
कार्रवाई के दौरान कई बार अतिक्रमण हटाने वाली टीम और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हो जाती है। कुछ मामलों में विवाद इतना बढ़ जाता है कि स्थिति धक्का-मुक्की या मारपीट तक पहुंच जाती है। ऐसे हालात को देखते हुए कई बार पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई कराई जाती है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।





