शेख़ नसीम। भोपाल / मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। नालों और नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर गया है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल सहित इंदौर, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, उज्जैन, देवास, बड़वानी, नरसिंहपुर, बालाघाट और छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में तेज़ से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।





