शेख़ नसीम। भोपाल /
मध्यप्रदेश में मानसून की आमद हो चुकी है। राजधानी भोपाल में मानसून की पहली बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी। बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। नालियों में जमा कीचड़ और कचरे की वजह से पानी सड़कों और गलियों में भर गया।
वहीं, जगह-जगह लगे कचरे के ढेर से उठ रही बदबू और दुर्गंध ने लोगों का आना-जाना मुश्किल कर दिया है। ये हालात किसी एक इलाके तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लगभग पूरे भोपाल में ऐसी ही स्थिति देखने को मिल रही है।
दूसरी ओर, जनप्रतिनिधियों पर भी लोगों ने उदासीनता के आरोप लगाए हैं। नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण आमजन को बरसात के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के 42 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।





