24 वर्ष की राष्ट्रसेवा को बताया अनुकरणीय
जनसम्पर्क खबर रफीक मंसूरी
खरगोन। नगर पालिका के कर्तव्यनिष्ठ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते द्वारा सोमवार को पूर्व फौजी कमलेश पटेल का शाल, श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर भव्य सम्मान किया गया। स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते जो अपनी मिलनसारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए पूरे शहर में जाने जाते हैं। इस मौके पर कहा कि कमलेश पटेल द्वारा मातृभूमि की रक्षा में दिए गए 24 वर्ष बड़े गर्व और सम्मान की बात है। फौजी का जीवन त्याग, अनुशासन और देशभक्ति का जीवंत उदाहरण है।प्रकाश चित्ते ने हमेशा की तरह इस बार भी अपनी सहृदयता का परिचय देते हुए कहा कि समाज के वीर सपूतों का सम्मान करना हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी फौजी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने रहते हैं। नगर में स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाले प्रकाश चित्ते की इस पहल की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की। सम्मान समारोह में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और फौजी कमलेश पटेल के जज्बे को सलाम किया।





