ad
best news portal development company in india

झाबुआ: वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला टास्क फोर्स का मास्टर प्लान, खैर की लकड़ी के अवैध परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

SHARE:

कलेक्टर नेहा मीना ने की टास्क फोर्स समिति की समीक्षा; कंट्रोल रूम नंबर का प्रचार करने और लंबित वनाधिकार प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर दिया जोर

झाबुआ। जिले के वन संसाधनों के संरक्षण और वन भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह एवं वन मंडलाधिकारी श्री भारत सोलंकी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य केंद्र वन-राजस्व सीमा विवाद, अतिक्रमण हटाना और वनोपज के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाना रहा।

अतिक्रमणकारियों को नोटिस और बेदखली की कार्रवाई

वन मंडलाधिकारी ने अवगत कराया कि झाबुआ वन मंडल के अंतर्गत चिन्हित अतिक्रमण रकबे के विरुद्ध चरणबद्ध कार्रवाई की जा रही है। भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 80(अ) के अंतर्गत कई नोटिस जारी किए गए हैं और बेदखली आदेश पारित किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जो आदेश पारित हो चुके हैं, उनमें पुलिस और प्रशासन के समन्वय से तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाए।

खैर की लकड़ी के अवैध परिवहन पर लगाम

बैठक में बताया गया कि वन विभाग ने हाल ही में पेटलावद परिक्षेत्र में 4 और झाबुआ परिक्षेत्र में 1 बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर वनोपज का अवैध परिवहन पकड़ा है। कलेक्टर नेहा मीना ने निर्देश दिए कि एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम नंबर जारी कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम नागरिक संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दे सकें।

वनाधिकार दावों का पुनः परीक्षण

अधिनियम 2006 के तहत पूर्व में निरस्त किए गए दावों के पुनः परीक्षण के बाद अब तक 181 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने शेष लंबित प्रकरणों को समय सीमा में सुलझाने के लिए एसडीएम और एसडीओ (फॉरेस्ट) को अनुभाग स्तर पर संयुक्त बैठकें करने के निर्देश दिए।

विभागीय समन्वय पर बल

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को उनका हक दिलाना और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “वन संसाधनों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, और टास्क फोर्स के माध्यम से इसकी नियमित निगरानी की जाएगी।”

बैठक में इनकी रही मौजूदगी: बैठक के दौरान अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, एसडीएम झाबुआ भास्कर गाचले, एसडीएम मेघनगर अवनधती प्रधान, और एसडीएम थांदला महेश मण्डलोई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई