खरगोन (सलीम खान): मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्राम मुकुंदपुरा के पास खड़ी एक कार में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान पीथमपुर निवासी सुनील चौकसे के रूप में हुई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कसरावद तहसील के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खलटाका पुलिस चौकी के ग्राम मुकुंदपुरा में रविवार सुबह ग्रामीणों ने एक कार को लावारिस हालत में खड़ा देखा। जब पास जाकर देखा गया, तो कार के अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर घटना की गंभीरता को देखते हुए मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला और बलकवाड़ा थाना प्रभारी रितेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें मृतक का मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल के जरिए परिजनों से संपर्क किया गया, जिसके बाद मृतक की शिनाख्त सुनील चौकसे (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी पीथमपुर के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
शिर्डी से लौट रहा था मृतक बताया जा रहा है कि सुनील चौकसे शिर्डी के दर्शन कर वापस अपने घर पीथमपुर लौट रहे थे। इसी बीच नेशनल हाईवे पर सुनसान जगह पर उनकी कार खड़ी मिली और अंदर उनका शव पाया गया। मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जांच में जुटी पुलिस घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी बुलाया गया है। टीम ने कार और आसपास के क्षेत्र से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं।
श्वेता शुक्ला (एसडीओपी, मंडलेश्वर) का बयान: “हमें हाईवे पर खड़ी कार में शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान पीथमपुर निवासी के रूप में हुई है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है।”
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।






