खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

खरगोन । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस खरगोन में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में बैडमिंटन, शतरंज एवं टेबल टेनिस की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में हुए इन खेलों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीएस चौहान के मुख्य आतिथ्य एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. डीएस बामनिया के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ। उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय स्टाफ एवं लगभग 150 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक क्रीड़ा अधिकारी डॉ. गगन चौधरी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा राष्ट्रीय खेल दिवस मनाए जाने के उद्देश्य एवं महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। शिक्षा के साथ खेल का संतुलन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक है।”
प्राचार्य डॉ. चौहान ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को खेलों की आवश्यकता बताते हुए कहा कि “खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि मानसिक मजबूती और नेतृत्व कौशल को भी निखारते हैं। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही राष्ट्र निर्माण की नींव हैं।” मैचों में सुरेंद्र पाटीदार व हिमांशु कर्मा ने निर्णायकों की भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ ललित भटानिया, प्रो. सुभाषराम डावर, डॉ राजेंद्र सिंह चौहान, डॉ गणेश पाटिल, गोविंद यादव आदि प्राध्यापक गण उपस्थित रहे।






