खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
व्यापारियों व नागरिकों ने किया चक्का जाम
खरगोन । जिले के गोगावां में पिछले कई दिनों से सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण रविवार को स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। नगर में गंदगी और गटर के पानी से बदहाल हालात को देखते हुए लोगों ने चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी अनुसार, करीब पंद्रह बीस दिनों से गोगावां में सफाई नहीं हुई है। सड़कों पर जगह जगह कचरे के ढेर लगे हैं और गटरो का पानी सड़को पर बहने लगा है जिससे मौसमी बीमारियों के साथ गंदगी से होने वाली बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
वेतन न मिलने से हड़ताल पर सफाई कर्मी
सफाई कर्मियों ने अपनी हड़ताल की वजह पिछले पांच महीनों से वेतन न मिलने को बताया। उनका कहना है कि जब तक बकाया वेतन नहीं दिया जाएगा, सफाई कार्य शुरू नहीं होगा। कर्मचारियों का आरोप है कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के कारण हालात बिगड़े हैं।
चक्का जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया और जनता को एडिशनल सीईओ ने आश्वासन दिया।
स्थिति को बिगड़ता देख खरगोन जिला पंचायत से एडिशनल सीईओ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने सफाई कर्मियों को भी बुलाकर दो दिनों में बकाया वेतन जारी करने का आश्वासन दिया। एडिशनल सीईओ ने कहा कि ग्राम पंचायत में सचिव नहीं होने के कारण सफाई कर्मियों को वेतन नहीं मिल पाया है,जल्द सचिव की नियुक्ति कर सफाई कर्मियों को वेतन जारी किया जाएगा और नगर में सफाई का काम कल से शुरु हो जाएगा ।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते वेतन की समस्या का समाधान कर दिया जाता तो यह स्थिति नहीं बनती। प्रदर्शन के बाद सफाई कर्मियों ने सोमवार से काम शुरु करने का आश्वासन दिया है, साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि वेतन समय पर नहीं मिला तो हड़ताल फिर से शुरू होगी।
अब गोगावां की जनता उम्मीद कर रही है कि प्रशासन अपने वादे पर कायम रहेगा, अन्यथा हालात फिर से बिगड़ सकते हैं।






