धार, ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
कलेक्टर एवं जिला गोपालन एवं पशुधन संवर्धन समिति के अध्यक्ष प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में जिले में संचालित गौशालाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सीईओ अभिषेक चौधरी सहित समिति के सचिव एवं उप संचालक डॉ. राकेश सिंह सिसोदिया तथा जिले की विभिन्न गौशालाओं के संचालकगण उपस्थित रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 33 अशासकीय और 32 शासकीय पंजीकृत गौशालाएं संचालित हैं, जिनके खातों में गोसंवर्धन बोर्ड भोपाल द्वारा नियमित रूप से अनुदान राशि ऑनलाइन जमा की जा रही है। 4 अशासकीय गौशालाएं अभी पंजीकृत नहीं हैं, जिनकी पंजीयन प्रक्रिया प्रचलित है। मनरेगा अंतर्गत 62 स्वीकृत गौशालाओं में से 58 पूर्ण हो चुकी हैं, शेष 4 में कार्य प्रगति पर है।
डॉ. सिसोदिया ने बताया कि अनुदान प्राप्त करने के लिए गौशाला में कम से कम 100 गौवंश होना अनिवार्य है। मार्च 2025 तक प्रतिगौवंश ₹20 प्रतिदिन की दर से अनुदान दिया जा रहा है, जो अप्रैल 2025 से ₹40 प्रतिदिन कर दिया जाएगा। इसमें ₹5 श्रमिक, ₹15 पशु आहार एवं ₹20 चारा-पानी के लिए निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में संचालकों ने शासन की योजनाओं व सहायता पर संतोष जताया तथा गौशाला भूमि पर अतिक्रमण के मुद्दे उठाए। इस पर कलेक्टर ने संबंधित गौशालाओं से भूमि विवरण प्रस्तुत करने को कहा ताकि अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया जा सके। देवीखेड़ा, तहसील सरदारपुर स्थित गौशाला पर हो रहे अतिक्रमण का भी विशेष संज्ञान लिया गया।
वृक्षारोपण एवं चारागाह विकास पर भी चर्चा की गई, जिसमें सभी गौशालाओं से उनके पास उपलब्ध भूमि पर औषधीय पौधों का रोपण करने का आग्रह किया गया। कलेक्टर ने चारागाह विकास के लिए सीईओ जिला पंचायत को आवश्यक प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। अशासकीय गौशालाओं में बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग पर कलेक्टर ने सुझाव दिया कि यह कार्य सांसद/विधायक निधि से किया जा सकता है।
बैठक में विजय पाटीदार, नरेश राजपुरोहित, श्रीकृष्ण गौवर्धन गौशाला फूलगांवड़ी, श्रीगणेश बड़केश्वर महादेव गौशाला भोपावर सहित अन्य संचालकों ने सुझाव एवं समस्याएं साझा कीं। गोपालकृष्ण गौशाला खुटपला द्वारा फिनाइल, गौ-काष्ठ, साबुन जैसी उत्पादक गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस मॉडल को अन्य गौशालाओं में भी अपनाने पर सहमति बनी।
राष्ट्रीय आजीविका मिशन के प्रतिनिधि ने गौशालाओं को तकनीकी एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई ।
धार में ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ अंतर्गत 1954 विद्यार्थियों को मिली लैपटॉप राशि, विधायक नीना वर्मा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा रहे उपस्थित
धार, 4 जुलाई। जिले के मॉडल स्कूल परिसर में ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ अंतर्गत आयोजित भव्य कार्यक्रम में जिले के 1954 विद्यार्थियों को लैपटॉप हेतु प्रोत्साहन राशि का अंतरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक नीना वर्मा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार से आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के लाइव प्रसारण के साथ हुआ।
विधायक नीना वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा, सरकार द्वारा मुहैया कराई गई इस सुविधा से आप अपने सपनों को साकार करें। सफलता की राह में आने वाले रोड़ों पर ध्यान न दें, केवल अपनी मंजिल पर केंद्रित रहें।उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों ने जिस तरह से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह हम सभी को गौरवान्वित करने वाला है।
विधायक ने यह भी कहा कि सरकार विद्यार्थियों के शैक्षिक उत्थान के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है, अब आवश्यकता केवल इस बात की है कि विद्यार्थी इन सुविधाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ें।
इस अवसर पर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह राशि केवल एक आर्थिक सहयोग नहीं बल्कि उनके भविष्य निर्माण का साधन है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, आप इस सहायता का उपयोग शिक्षा में बेहतरी के लिए करें,चाहे वह ऑनलाइन कोर्स हों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे भविष्य के पाठ्यक्रम हों या तकनीकी दक्षता बढ़ाने वाले अन्य माध्यम।उन्होंने विद्यार्थियों को असफलता से घबराने की बजाय उसे सीख के रूप में लेने की सलाह दी और लगातार प्रेरित रहकर मेहनत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2025
जिला स्तर पर नोडल/सहायक अधिकारी नियुक्त
धार, 4 जुलाई 2025/ मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन-2025 हेतु निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा ने कार्यक्रम अनुसार निर्वाचन कार्यवाही सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिये अधिकारियों को दायित्वों का निर्धारण कर जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किये जाने का आदेश जारी किया है।
उन्होंने मेनपावर मेनेजमेंट, निर्वाचन प्रशिक्षण, मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं, प्रबंधन एवं सेंस गतिविधियां, भोजन-स्वाल्पाहार, पीओएल व्यवस्था, कानून व्यवस्था, व्यय प्रबंधक एवं आदर्श आचरण संहिता का परिपालन,परिवहन व्यवस्था, निर्वाचन सामग्री, रूट चार्ट प्रबंधन एवं व्यवस्था, कम्युनिकेशन प्लॉन, हेल्पलाईन तथा शिकायत निवारण, ईव्हीएम मेनेजमेंट, वीडियोग्राफी, सीसीटीवी, मानदेय वितरण, मतपत्र, बैलट मतपत्र, डमी बैलेट मतपत्र, मीडिया, मतगणना प्रबंधन, कम्प्यूट्राईजेशन, आईटी संबंधी समस्त गतिविधियां, चिकित्सा संबंधी सुरक्षात्मक उपाय, व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किये है।






