ad
best news portal development company in india

धार जिले के सात वृंदावन ग्रामों में 27 से 31 अक्टूबर तक शुरू होगी गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना।

SHARE:

 जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार

श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को मिलेंगे एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये के पुरस्कार।

धार।  जिले के सात वृंदावन ग्रामों में 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का शुभारंभ किया जाएगा। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादक गायों की पहचान करना तथा श्रेष्ठ पशुपालकों को प्रोत्साहित करना है।
उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. राकेश सिंह सिसोदिया ने बताया कि योजना के तहत जिले के दसई (सरदारपुर), सुसारी (निसरपुर), अवल्दामान (गंधवानी), देदला (धार), सिरसोदिया (धरमपुरी), मुल्थान (बदनावर) और बालीपुर (मनावर) में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भारतीय उन्नत नस्ल की गाय पालने वाले होंगे पात्र
योजना के अंतर्गत संबंधित वृंदावन ग्रामों के इच्छुक एवं पात्र पशुपालकों के पशुओं का पंजीयन किया जाएगा। सभी वर्गों के ऐसे पशुपालक आवेदन कर सकेंगे, जिनके पास भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय है और जिसका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन छह लीटर या उससे अधिक है।
पंजीयन आवेदन में पशुपालक का नाम-पता, पशु का विशिष्ट पहचान क्रमांक (यूआईडी) अथवा ईयर टैग नंबर, नस्ल, आयु, ब्यांत संख्या, ब्यांत की तिथि, दुग्ध उत्पादन और पशु के स्वास्थ्य संबंधी विवरण दर्ज किए जाएंगे। संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी एवं मैदानी कर्मचारी पशु की पहचान, स्वास्थ्य तथा उपलब्ध अभिलेखों का सत्यापन करेंगे।
प्रतियोगिता में शामिल गायों के तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गायों का चयन किया जाएगा।
प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत प्रत्येक वृंदावन ग्राम में श्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गाय पालने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसमें प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
योजना के माध्यम से पशुपालकों को उन्नत नस्ल की दुधारू गायों के पालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ पशुपालकों की आय में वृद्धि के प्रयासों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई