जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार सरदारपुर
छात्राओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी, निर्माणाधीन भवन को शीघ्र हैंडओवर करने के दिए निर्देश।
सरदारपुर। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने आज सरदारपुर भ्रमण के दौरान कन्या शिक्षा परिसर एवं निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों परिसरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कन्या शिक्षा परिसर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर पढ़ाई के स्तर एवं छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
संवाद के दौरान छात्राओं ने अध्ययन को और बेहतर बनाने के लिए स्मार्ट इंटरएक्टिव पैनल, नए भवन की उपलब्धता तथा इंग्लिश क्लास प्रारंभ किए जाने की आवश्यकता बताई। कलेक्टर ने छात्राओं की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पूरे मनोयोग एवं मेहनत के साथ पढ़ाई करें और अपने सपनों को साकार करें।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री मीना ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में निर्बाध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत परिसर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर भवन को जल्द से जल्द हैंडओवर करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों के लिए पठन-पाठन की व्यवस्था सुचारू रूप से प्रारंभ की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अजमेर सिंह गौड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संस्था का अमला उपस्थित रहा।





