खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन।जिले के गोगावां नगर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर नगर की गली मोहल्लों में आकर्षक सजावट की गई। नूरी मस्जिद गली और मुहम्मदपुर मार्ग को विशेष रूप से सजाया गया।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सुबह करीब 9 बजे नूरी मस्जिद चौक से जुलूस निकाला गया। जुलूस पुराना खत्री जमाअत खाना, जामा मस्जिद मार्ग, सराफा बाजार और मुख्य चौराहे सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए दोपहर करीब 12 बजे वापस नूरी मस्जिद चौक पहुंचा। जुलूस का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
जुलूस में शामिल लोगों ने जश्ने ईद मिलादुन्नबी और सरकार की आमद के नारे लगाए। वहीं पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में नातें पढ़ी गईं। इस अवसर पर नयापुरा, ग्राम शाहपुरा, ग्राम अदलपुरा तथा हाफिज बाबा बैड़ी की मस्जिदों से आए इमामों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। जुलूस में शामिल जायरीनों के लिए नूरी मस्जिद चौक पर स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई थी।
जुलूस के नूरी मस्जिद चौक पहुंचने पर सलातो-सलाम के बाद दुआ की गई और जुलूस का समापन हुआ। इसके बाद दोपहर की नमाज के बाद नूरी मस्जिद में हजरत मोहम्मद साहब के मूए मुबारक की जियारत (दर्शन) कराई गई। जियारत के लिए बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे।
पर्व के दौरान नगर में धार्मिक उत्साह के साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।





