धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री

कुक्षी। दाऊदी बोहरा समाज के आस्था एवं श्रद्धा के केंद्र धर्मगुरु सैय्यदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के आदेशानुसार ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर रविवार को नगर में विशाल चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखने का सामाजिक संदेश भी दिया गया।
चल समारोह की शुरुआत मंगलवारिया से हुई। इसमें मरजान स्काउट बैंड की सुमधुर धुन आकर्षण का केंद्र रही। सबसे आगे मदरसा सैफिया के बच्चे पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण के फायदे और 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मोबाइल से दूर रखने का संदेश के साथ चल रहे थे। बच्चों ने आमजन को जागरूक करते हुए कम से कम एक पौधा लगाने और पर्यावरण की शुद्धता के साथ स्वस्थ जीवन के लिए प्रकृति संरक्षण का आह्वान किया।
समाज द्वारा बच्चों को मोबाइल की बढ़ती लत से दूर रखने के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। चल समारोह में इस सामाजिक संदेश को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
मरजान स्काउट बैंड ने पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा (स.व.स.) की मिलाद के अवसर पर मदह के साथ देशभक्ति गीतों की मधुर धुनें प्रस्तुत कीं। वहीं मदरसा सैफिया के बच्चे “मिलादुन्नबी मुबारक”, “नारा-ए-तकबीर—अल्लाहु अकबर” और “हिंदुस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
चल समारोह जनाब शेख मुर्तजा भाई साहब नाखुदा की सदारत में निकाला गया। इसमें जनाब इब्ने मदयन भाई, मदरसा सैफिया के हेड मोअल्लिम शेख फखरुद्दीन भाई बारामती, दाऊदी बोहरा जमात के सेक्रेटरी शेख शब्बर भाई जिनवाला, बुरहानी गार्ड्स के मेजर हुसैन भाई टांडा वाला सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
मंगलवारिया से शुरू हुआ जुलूस पड़ाव, चौपाटी, बड़पुरा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बोहरा मोहल्ला स्थित मस्जिद कॉम्प्लेक्स पहुंचा। यहां आमिल साहब शेख मुर्तजा भाई नाखुदा ने प्रशासनिक अधिकारियों, कुक्षी के नगर सेवकों एवं विशेष रूप से पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए सहयोग की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही चल समारोह का समापन हुआ।
कार्यक्रम में सबाब कमेटी, टी.के.एम., बुरहानी गार्ड्स एवं नजाफत कमेटी के पदाधिकारी और समाजजन मौजूद रहे। जुलूस का संचालन बुरहानी गार्ड्स के हेड मुस्तफा भाई मंडीवाला ने किया। उक्त जानकारी मोहम्मद निसरपुर वाला के साथ मूर्तज़ा हामिद ने दी।





