जनसम्पर्क खबर क्राइम ब्यूरो चीफ रफीक मंसूरी खरगोन
दिल्ली । ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद उमर कासमी ने दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि छात्र हमारे देश का भविष्य हैं। लाखों युवा वर्षों तक दिन-रात मेहनत कर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने उनकी मेहनत, समय और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। यह अत्यंत चिंताजनक स्थिति है, जिसकी जिम्मेदारी सरकार को स्वीकार करते हुए परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाना चाहिए।
मोहम्मद उमर कासमी ने कहा कि अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार है। ऐसे में छात्रों की बात सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है। सरकार को संवेदनशीलता के साथ छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि पेपर लीक की घटनाओं में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए तथा आंदोलनरत छात्रों की जायज़ मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनका शीघ्र समाधान किया जाए।
ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद उमर कासमी ने कहा कि देश के युवाओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है। मेहनती छात्रों के भविष्य की रक्षा करना देशहित में आवश्यक है। सरकार को इस पूरे मामले में सकारात्मक पहल करते हुए छात्रों को न्याय और विश्वास दिलाना चाहिए।






