बिलाल खत्री
आलीराजपुर मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान के अष्टम दिवस पर जिला आलीराजपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली आलीराजपुर द्वारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इसी क्रम में थाना आजाद नगर द्वारा हाट-बाजार क्षेत्र में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणजनों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों एवं उससे बचाव के उपायों के संबंध में जानकारी दी गई। उपस्थित नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
थाना बोरी द्वारा शासकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
वहीं थाना जोबट द्वारा हाट-बाजार क्षेत्र में आमजन के मध्य जागरूकता अभियान चलाकर नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी हानियों के बारे में जानकारी प्रदान की गई तथा नागरिकों को नशे के विरुद्ध जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने हेतु सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
जिला पुलिस आलीराजपुर द्वारा अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, ग्रामों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जाती रहेंगी।
संदेश :
“नशे से दूरी है ज़रूरी — स्वस्थ जीवन, सुरक्षित भविष्य।”





