शेख नसीम। भोपाल / मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधिसरंचना विकास मण्डल द्वारा थाना ऐशबाग के सामने एक विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में जर्जर घोषित हो चुके जनता क्वार्टरों के बदले पात्र हितग्राहियों को नए मकान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार जिन हितग्राहियों के पास जनता क्वार्टर की वैध रजिस्ट्री होगी, उनका सत्यापन कर उन्हें नए मकान के लिए पात्र माना जाएगा। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के लगभग 600 जनता क्वार्टर पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जिन्हें जल्द ही ध्वस्त किए जाने की तैयारी की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दो बार नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड का अमला जनता क्वार्टरों को हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंच चुका था, लेकिन स्थानीय स्तर पर विरोध और राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी तथा अमले को बिना किसी कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा था।
अब हाउसिंग बोर्ड द्वारा पहले पात्र हितग्राहियों का सत्यापन कर उन्हें नए आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद जर्जर क्वार्टरों को हटाने की कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।





