खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
19 से 25 दिसंबर तक जिले में सुशासन सप्ताह का आयोजन
खरगोन । कलेक्टर भव्या मित्तल की अध्यक्षता में 08 दिसंबर को कलेक्टर सभाग्रह में समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों, सीएम हेल्पलाइन, सर्वे एवं आवास संबंधी योजनाओं की विस्तृत से समीक्षा की गई। वही एसआईआर कार्य समयसीमा में पूर्व पूर्ण करने पर अधिकारियों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने आगामी सप्ताह में सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन में ’ए’ ग्रेड लाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने 50 एवं 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा की और समग्र पोर्टल पर दर्ज कोई भी शिकायत 100 दिवस से अधिक लंबित न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के ऑपरेशन निरंतर करने, सभी सीएमओ को गीता भवन के प्रस्ताव तैयार कर भेजने और बड़वाह में फायर स्टेशन के लिए भूमि चिन्हांकन करने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 में वसूली कार्य को गति देने तथा चल रहे आवास निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने कहा गया। पट्टा द्वितीय सर्वे कार्य की दैनिक समीक्षा और इसे 13 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वन भूमि पर निवासरत पात्र परिवारों को विस्थापित कर पट्टा द्वितीय में पट्टा आवंटन करने कहा गया।
कलेक्टर भव्या मित्तल ने संबंधित अधिकारियों को स्वनिधि योजना के ऋण वितरण, जनपदों में कुएं निर्माण कार्यों को फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की बीएमओवार सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की। इस दौरान सेगांव बीएमओ द्वारा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में प्रगति न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सिकलसेल क्लीनिक संचालित कर रोगियों को उपचार प्रदान करने तथा गर्भवती महिलाओं के खातों की ई-केवाइसी एवं डीबीटी समय पर पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण ट्रैकर, शाला पूर्व शिक्षा, SAM–MAM सत्यापन तथा एआई आधारित प्रिडिक्शन मॉडल की भी समीक्षा की गई। एईजीएम, दो पुलिस आरक्षकों और बीएमओ महेश्वर को सीएम हेल्पलाइन अटेंड नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बीआरसी बड़वाह के सीएम हेल्पलाइन कार्य असंतोषजनक पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी को कार्यवाही का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।बैठक में हाई कोर्ट के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान ए.सी. ट्राइबल द्वारा जवाब प्रस्तुत न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए।
कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि 19 से 25 दिसंबर तक जिले में सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसकी व्यापक तैयारियां करने अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकाश सिंह, अपर कलेक्टर रेखा राठौर, संयुक्त कलेक्टर हेमलता सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर प्रताप कुमार अगास्या, अनिल जैन सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जबकि अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।






