बिलाल खत्री
बुरहानपुर नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण 2025 हेतु मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन एवं स्टेंडिंग कमेटी की बैठक मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित की गयी। बैठक में अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश पाटीदार, एसडीएम बुरहानपुर अजमेर सिंह गौड़ तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के सदस्य प्रमोद गाढे, संदीप पाटील, निखिल खण्डेलवाल, रियाज खोकर सहित अन्य उपस्थित रहे।
बैठक में राजनैतिक दलों को राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त कार्यक्रम अनुसार नगरीय निकायों की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को मतदाता सूची के सेट प्रदान किये गये।
बैठक में अवगत कराया कि 1 जनवरी, 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर नगरीय निकायों (नगर पालिक निगम, बुरहानपुर, नगर पालिका परिषद, नेपानगर एवं नगर परिषद शाहपुर) की मतदाता सूची का कार्य 25 अगस्त, 2025 से आरंभ होकर तीन चरणों में 13 नवम्बर, 2025 तक अंतिम मतदाता सूची के सार्वजनिक प्रकाशन के साथ संपन्न होगा। बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु ईआर-1, नाम काटने हेतु ईआर-2 तथा नाम संशोधन हेतु ईआर-3 की जानकारी प्रदान की गई।

नशा मुक्त भारत अभियान प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बुरहानपुर जिले में कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देशानुसार नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में मद्य निषेध सप्ताह अंतर्गत बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान, उपसंचालक सामाजिक न्याय दुबे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। यह वाहन जिले के शहरी एवं ग्रामीण अंचलों में जाकर नशा मुक्त भारत अभियान का प्रचार-प्रसार करेगा।

विभिन्न खाद्य दुकानों से नमूने लेकर जांच के लिये भोपाल भेजे गये
बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देशानुसार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही एवं दुकानों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि आमजनों को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सके। अनियमितता पाए जाने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर खाद्य विश्लेषक भोपाल को जांच हेतु भेजा जा रहा है।
इसी कड़ी में बुधवार को विशाल मेगा मार्ट लालबाग रोड से मखाने का नमूना, लक्ष्मी किराना मंडी बाजार से डालडा घी एवं गुलाब जामुन, सरस्वती दूध डेयरी मंडी बाजार से मावा एवं पनीर, संपूर्ण इंटरप्राइजेज स्टेडियम ग्राउंड से गुलाब जामुन, गुरु ट्रेडर्स स्टेडियम ग्राउंड से चना दाल एवं बेसन इत्यादि खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच हेतु भोपाल भेजें गए।
मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को दिये जायेंगे लेपटॉप 30 अक्टूबर तक किये जा सकेंगे आवेदन
बुरहानपुर दिव्यांग विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा स्पर्श पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजनांतर्गत दिव्यांग विद्यार्थियों के चयन हेतु पात्रता एवं मापदण्ड निर्धारित है। जिसमें दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित एवं बौद्धिक दिव्यांगता श्रेणी के छात्र/छात्राएं जो प्रथम बार कक्षा 9वी में प्राप्तांक 50 प्रतिशत होने पर कक्षा 10वीं में प्रथम बार प्रवेश लेते है तब ही उन्हें लेपटॉप प्रदाय किया जायेगा।
वहीं अस्थिबाधित दिव्यांग श्रेणी के छात्र छात्राओं को प्रथम बार 9वीं कक्षा में प्राप्तांक 60 प्रतिशत होने पर कक्षा 10वीं में प्रथम बार प्रवेश लेते है तब ही उन्हें लेपटॉप प्रदाय किया जायेगा। अस्थिबाधित श्रेणी शरीर का निचला भाग प्रभावित होने से चलने में अक्षम, न्यूनतम 60 प्रतिशत दिव्यांगता के विद्यार्थियों को 10 वीं में प्रथम बार प्रवेश लेने पर अथवा स्नातक में प्रवेश लेने पर एक ही बार मोट्रेट ट्राईसायकिल बैटरी चलित प्रदाय की जायेगी।
उपसंचालक सामाजिक न्याय दुबे ने बताया कि, दिव्यांग विद्यार्थी आई.टी.आई में कम्प्यूटर ऑपरेटर, प्रोग्रामिंग असिस्टेंट पाठ्यक्रम अथवा कम्प्यूटर आधारित किसी अन्य पाठ्यक्रम में प्रवेश लेते है तब कक्षा 9 वीं में प्राप्तांक 50 अथवा 60 प्रतिशत होने की शर्त लागू नहीं होगी। किसी भी स्थिति में द्वितीय बार लेपटॉप मोट्रेट ट्रायसिकल प्रदाय नहीं की जायेगी तथा वहीं पूर्व में शासन की किसी भी योजनान्तर्गत लेपटॉप प्राप्त नहीं किया गया हो।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में अध्ययनरत् विद्यार्थियों के लिये 30 अक्टूबर तक ऑनलाईन या ऑफलाईन आवेदन प्रस्तुत करने की तिथि निर्धारित की गयी है।
एक वर्षीय व्यावहारिक ज्योतिर्विज्ञान डिप्लोमा के लिये 30 अक्टूबर तक आवेदन
बुरहानपुर स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान एक वर्षीय व्यवहारिक ज्योतिर्विज्ञान ज्योतिष और व्यावहारिक वास्तु शास्त्र डिप्लोमा कोर्स शुरू कर रहा है।
डिप्लोमा के लिये एमपी ऑनलाइन के माध्यम से 25 सितंबर से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। आवेदन 30 अक्टूबर 2025 तक किये जा सकेंगे। इसके लिये न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता माध्यमिक शिक्षा मंडल अथवा मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
कक्षाएं एक नवम्बर 2025 से ऑनलाइन प्रारंभ की जायेंगी। ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से ज्योतिर्विज्ञान कक्षाओं का संचालन सप्ताह में 3 दिवस सोमवार, बुधवार, शुक्रवार एवं व्यावहारिक वास्तु शास्त्र कक्षाओं का संचालन सप्ताह में 3 दिवस मंगलवार, गुरूवार, शनिवार को किया जायेगा। ऑनलाइन कक्षाओं का केन्द्र महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान भोपाल के सेकण्ड स्टॉप स्थित संस्कृत भवन रहेगा। पाठ्यक्रम से संबंधित नियम तैयार कर लिये गये हैं। पाठ्यक्रम विवरण, प्रश्न पत्र एवं अन्य जानकारी संस्थान की वेबसाइट https://www.mpssbhopal.org पर उपलब्ध हैं।
लीगल एड डिफेंस काउंसिल संविदा भर्ती के पात्र अभ्यार्थियों का साक्षात्कार 12 अक्टूबर को
बुरहानपुर जिला बुरहानपुर में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम योजना 2022 अंतर्गत चीफ डिप्टी चीफ एवं असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल के 1-1 पद की नवीन भर्ती हेतु प्राप्त आवेदनों की चयन समिति द्वारा स्कूटनी उपरांत पात्र एवं अपात्र अभ्यार्थियों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सूचना पटल एवं जिला न्यायालय की अधिकृत वेबसाईट पर अपलोड की गई है।
(https://burhanpur.dcourts.gov.in/notice-category/recruitments/ and
https://district.mphc.gov.in/en/recruitment-result)
के माध्यम से देखा जा सकता है।
चीफ डिप्टी चीफ एवं असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल के 1-1 पद हेतु पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 12 अक्टूबर, 2025 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की नियत समयावधी में लिया जावेगा।
साक्षात्कार हेतु पात्र अभ्यर्थी को आवेदन के साथ मूल दस्तावेजों- आधार कार्ड, वोटर आई.डी., ड्राईविंग लाईसेंस (कोई एक), शैक्षिक दस्तावेज, बार काउंसिल प्रमाण पत्र, जिला अधिवक्ता संघ द्वारा जारी प्रमाण पत्र तथा अन्य मूल दस्तावेजों को लाना अनिवार्य है।






