स्वास्थ्य विभाग की 136 टीमे रोसर सेक्टर के घर-घर जाकर किया टीकाकरण
बिलाल खत्री
बड़वानी सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत जिले में शनिवार को चलाये गये ग्रीन कमाण्डों अभियान का शुभारंभ राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने पीएम श्री कालेज शहीद भीमा नायक महाविद्यालय बड़वानी से किया। इस दौरान उन्होने 136 टीमों के वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद ने ग्रीन कमाण्डों बनी मातृ शक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि अभी शक्ति की अराधना का पर्व चल रहा है।
आप सभी मातृ शक्तियां उक्त पर्व में ग्रीन कमाण्डों के रूप में कार्य कर अपना अराधना को पूर्ण कर रही है। सभी मातृ शक्तियां बधाई की पात्र है, तथा उन्हे विश्वास है कि आज दुर्गम क्षेत्र में टीकाकरण एवं ग्रामीणों की जांच कर अभियान को सफल बनायेगी।
इस अवसर पर कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि जिले के सबसे दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र रोसर सेक्टर के 12 उप स्वास्थ्य केन्द्रों के अंतर्गत आने वाले 34 ग्रामों के फल्यों में नियमित टीकाकरण से छूटे हुये बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण 136 टीम के माध्यम से टीकाकरण करवाया जायेगा। गठित टीम जिसमें सीएचओ, एएनएम, आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चढ़ाई (चलकर) चढ़कर इन ग्रामो में उपस्थित शत प्रतिशत बच्चों को टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, जांच तथा अन्य लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी करेगी।
इस दौरान संयुक्त कलेक्टर सोहन कनाश एवं रविराज वर्मा, सीएमएचओ डॉ. सुरेखा जमरे सहित बड़ी संख्या में सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थी।
कलेक्टर ने फील्ड में जाकर बढ़ाया ग्रीन कमाण्डो को हौंसला कलेक्टर जयति सिंह सुबह से ही ग्रीन कमाण्डों के साथ लगी रही। सुबह उन्होने जहां खड़े रहकर हर टीम को अपने समक्ष रवाना करवाया। वही कलेक्टर सिंह दोपहर को रोसर सेक्टर के ग्रामों में भी ग्रीन कमाण्डों का हौंसला बढ़ाने पहुंची। इस दौरान कलेक्टर दुर्गम रास्तों पर पैदल चलकर ग्रामीणों के घरों में गई एवं ग्रीन कमाण्डों से चर्चा कर उनका हौंसला बढ़ाते हुए उनसे महिलाओं एवं बच्चों की स्थिति के बारे में जाना।






