खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन। पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशों पर जिले में अवैध गौवंश परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना भगवानपुरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई में एक पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक भरे गए 06 गौवंश को मुक्त कराया तथा वाहन को जप्त किया।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन अवैध रूप से गौवंश परिवहन कर ग्राम लाहोरपानी पुलिया से गुजरने वाला है। पुलिस टीम ने मौके पर नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन क्रमांक MP46G1785 की जांच करने पर उसमें 06 गौवंश मिले।
पुलिस ने वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये तथा गौवंश की कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई है। मौके पर वाहन को जप्त कर थाना भगवानपुरा में अपराध क्रमांक 288/25 धारा 4, 6, 9 म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 11(1)(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी भीकनगांव राकेश आर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भगवानपुरा निरीक्षक इलापसिंह मुजाल्दे, सउनि नरसिंह मोरे, प्रआर दिनेश जाधव, प्रआर मनसजन जमरे, आर प्रकाश सोलंकी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






