बिलाल खत्री
आलीराजपुर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र आलीराजपुर द्वारा सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत क्रांतिकारी शहीद छितुसिंह किराड़ शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीराजपुर के स्वामी विवेकानंद प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष सहयोग से शिविर का आयोजन किया गया। जिसके तहत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एस एल सोलंकी द्वारा विभाग की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना की जानकारी दी एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया गया।
प्रबंधक रोहित भिंडे ने मध्यप्रदेश एमएसएमई को औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नियम एवं मध्य प्रदेश स्टार्टअप पॉलिसी के बारे में बताया साथ ही जिले में पावरलूम उद्योग जागरुकता शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें नई पीढ़ी को पावरलूम संबंधित उद्योगों की जानकारी दी गई एवं वे कैसे उद्योगों की स्थापना कर सकते हे इसके बारे में भी बताया गया।
विभाग की समस्त योजनाओं में आवेदन की प्रक्रिया, बैंकों से ऋण स्वीकृत करने की प्रक्रिया आदि की जानकारी छात्रों को दी गई ताकि वे स्वयं का स्वरोजगार प्रारंभ कर देश के विकास में अपना योगदान दे सके।महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर मीना सोलंकी ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम विभाग की योजनाओं को लेकर विद्यार्थियों को भविष्य में स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया एवं उनका मार्गदर्शन किया। अग्रणी जिला प्रबंधक श्याम पाटीदार ने उन्हें बैंकों से वित्तीय सहायता प्राप्त करने के दिशा निर्देश दिए एवं वित्तीय साक्षरता संबंधी जानकारी दी।
उक्त शिविर में प्रोफेसर सीताराम गोले(विवेकानंद प्रकोष्ठ) द्वारा कार्यक्रम का संचालन कर आभार व्यक्त किया गया । इस कार्यक्रम में सुधीर जैन(समाज सेवी), प्रोफेसर भावसिंह डावर, प्रोफेसर ममता कनेश, डॉ. लालसिंह निंगवाल, प्रोफेसर हिंगलाल लोहरिया, प्रोफेसर मौर्य एवं महाविद्यालय के समस्त स्टॉफ मौजूद थे।






