खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन । प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में 23 सितंबर को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें अपर कलेक्टर रेखा राठौर, सहायक कलेक्टर जामदार फरहान इरफान, संयुक्त कलेक्टर हेमलता सोलंकी एवं डिप्टी कलेक्टर प्रताप कुमार अगास्या ने अन्य अधिकारियों के साथ आवेदकों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 82 आवेदक अपनी समस्याएं लेकर आए थे।
ग्राम कानापुर के अजय पिता विष्णु अंजने ने जनसुनवाई में आवेदन देकर कहा कि समग्र स्वच्छता योजना तहत उनके घर पर शौचालय निर्माण कार्य 01 वर्ष पूर्व पूर्ण हो चुका है, लेकिन राशि अब तक उनके बैंक खाते में जमा नहीं की गई है। अजय का कहना है कि ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत स्तर पर जानकारी लेने के बाद भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस संबंध में उन्होंने राशि शीघ्र खातें में जमा कराने की मांग की है।

जनसुनवाई में कुकडोल निवासी धुपी बाई पति शिवराम ने आवेदन प्रस्तुत कर पेंशन चालू न किए जाने की समस्या बताई। धुपी बाई ने कहा कि उनकी उम्र 62 वर्ष हो चुकी है, परंतु अब तक पेंशन स्वीकृत नहीं हुई है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने एवं कार्य करने में असमर्थ होने के कारण उन्होंने पेंशन चालू करने अथवा अन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में गोगांवा जनपद सीईओ को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया है।
जनसुनवाई में खरगोन के नारायणदास महाजन ने आवेदन देकर बताया कि नगर पालिका परिषद खरगोन द्वारा 17 सितंबर 2025 को कार्यवाही कर सार्वजनिक उपयोग की भूमि से अतिक्रमण हटाया गया था। लेकिन राजा भावसार और गोपाल उर्फ गुल्ला भावसार द्वारा दोबारा अस्थायी गुमटी रखकर नियम विरूद्ध कब्जा कर लिया गया, जिससे लोगों को और बैंक ऑफ बड़ौदा आने जाने वाले ग्राहकों को पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में नारायण दास महाजन ने जनसुनवाई में आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की है। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया है वही अन्य आवेदकों की समस्याओं को भी सुना गया।






