जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
संविधान दिवस पर धार पीजी कॉलेज में माय भारत का आयोजन, कलेक्टर और एसपी ने युवाओं को किया जागरूक
धार। संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माय भारत), धार द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (पीजी कॉलेज) में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को विकसित भारत@2047 के संकल्प, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि शिक्षा देश और समाज की प्रगति का आधार है। युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पुस्तकालय एवं महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने युवाओं से संविधान का सम्मान करने, कानून का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन करवाया। यूथ आइकन टीशा ठाकुर ने विकसित भारत@2047 और नशामुक्त युवा विषय पर विचार रखते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और देश के विकास में बाधक है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ और नशामुक्त रहना जरूरी है।
कार्यक्रम में खेल, युवा एवं एनएसएस के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सुधीर वर्मा, टीशा ठाकुर और जितेन्द्र पवार को सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं माय भारत स्वयंसेवकों ने सहभागिता कर संवैधानिक मूल्यों को अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।





