शेख नसीम। भोपाल / बाल अधिकार सप्ताह के अवसर पर कायनात ह्यूमन डेवलपमेंट सोसायटी (NGO) द्वारा भोपाल के अंकुर हायर सेकेंडरी स्कूल, 6 नंबर स्टॉप, शिवाजी नगर में 16 नवंबर 2026 को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 400 स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में बच्चों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कायनात ह्यूमन डेवलपमेंट सोसायटी के सहयोग से बच्चों का नेत्र परीक्षण किया गया। वहीं शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय के डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
इसके अलावा तथास्तु हॉस्पिटल के चिकित्सकों की टीम ने बच्चों के दांतों की जांच की और उन्हें दांतों की स्वच्छता एवं उचित देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करना और उन्हें उचित चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना था।
शिविर का आयोजन इंजीनियर रचना सिंह (एंटरप्रेन्योर एवं सोशल वर्कर, तारा सोशल वर्क) के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या प्रतीक्षा गुरु ने रचना सिंह एवं शिविर में सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
आयोजकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों और सहयोगियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।





