बिलाल खत्री
अलीराजपुर। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए अलीराजपुर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल अपने साथियों एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देशभर से आए कांग्रेस एवं INDIA गठबंधन के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महारैली में सहभागिता की।
महारैली के माध्यम से INDIA गठबंधन ने लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को रोकने और चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने की मांग की।
रैली में मुख्य रूप से कथित वोट चोरी, मतदाता सूची से पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया, चुनाव आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता जैसे मुद्दे उठाए गए। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने, हटाए गए मतदाताओं के नाम पुनः जोड़ने, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून को निरस्त करने तथा EVM के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी रखी गई।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मताधिकार की रक्षा करना और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जिम्मेदारी है। युवाओं को संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अलीराजपुर जिले के युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भी लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली में देश के विभिन्न राज्यों से कांग्रेस एवं INDIA गठबंधन के नेताओं, कार्यकर्ताओं और युवाओं ने हिस्सा लिया। अलीराजपुर जिले से पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।





