पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित मुख्य समारोह में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल एवं पूर्व मंत्री प्रेम सिंह पटेल रहे उपस्थित
भगवान श्री कृष्ण मेधावी छात्रवृति योजना से 4 विद्यार्थियों को 1-1 लाख की प्रोत्साहन राशि, किसानों को मिले आकर्षक पुरस्कार
बिलाल खत्री
बड़वानी मध्यप्रदेश के 71वे स्थापना दिवस के अवसर पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी के सभागृह में जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्साह, गरिमा और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
समारोह में लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल ,कलेक्टर जयति सिंह, प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्पित गुप्ता, सहायक कलेक्टर माधव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण,गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
युवाओं की सहभागिता से ही मध्य प्रदेश बनेगा देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदेश – सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने सभी को 71वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा मध्यप्रदेश विकसित करना है जो न केवल भौतिक अधोसंरचना बल्कि अपनी समृद्ध संस्कृति में भी अग्रणी हो। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदेश बने, जिसके लिए एकता, अनुशासन और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। भारत को विश्वगुरु बनाने में हमारे युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका है। आज पूरे विश्व की नजरें भारत पर टिकी हैं क्योंकि भारत में विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी है। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे नशामुक्ति और अन्य कुरीतियों को छोड़कर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान दें, तभी विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश का संकल्प पूर्ण होगा।
विकास प्रदर्शनियों का अवलोकन एवं स्वर्ण प्राशन की दवा पिलाई
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं कल्याणकारी प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। आयुष विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत छोटे बच्चों को रोग प्रतिरोधक क्षमता वर्धन के लिए पारंपरिक स्वर्ण प्राशन की दवा पिलाई और आयुष विभाग के प्रयासों की सराहना की।
लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम के दौरान देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सम्मानित लोकतंत्र सेनानियों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने महिला सशक्तिकरण, जनजातीय संस्कृति और मध्य प्रदेश की लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही, विद्यार्थियों के लिए मध्य प्रदेश के सामान्य ज्ञान पर आधारित एक विशेष क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
भगवान श्री कृष्ण मेधावी विद्यार्थी योजना अंतर्गत 4 विद्यार्थियों को 1-1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 4 मेधावी विद्यार्थियों को भगवान श्री कृष्ण पाथेय न्यास की ओर से भगवान श्री कृष्ण मेधावी विद्यार्थी योजना के अंतर्गत 1-1 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में पालीटेक्निक कालिज बड़वानी के रेयान खान, उत्कृष्ट विद्यालय बड़वानी के राज वर्मा,आईईएस-आईपीएस अकादमी, बड़वानी के गौरव बागुल और शहीद भीमा नायक महाविद्यालय, बड़वानी की सुश्री शिवानी पटेल शामिल रहे।
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज़ 2026 अंतर्गत तीन किसानों को मिले आकर्षक एवं उपयोगी पुरस्कार राज्य स्तर पर 29 जनवरी से 15 मार्च तक आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज 2026 में प्रदेश भर से कुल 35,320 किसानों ने हिस्सा लिया था, जिसमें बड़वानी जिले से सहभागिता करने वाले 127 किसानों में से डिजिटल लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से 3 भाग्यशाली विजेताओं का चयन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा इन विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें प्रथम पुरस्कार के रूप में पाटी विकासखंड के ग्राम पोसपुर निवासी श्री राकेश सस्ते को ₹7,25,000 मूल्य का ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में ठीकरी विकासखंड के ग्राम काकरिया निवासी श्री राधेश्याम चौहान को ₹1,68,000 मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल, और तृतीय पुरस्कार के रूप में राजपुर विकासखंड के ग्राम भागसुर निवासी श्री सुनील काग को ₹1,20,000 मूल्य की ई-स्कूटर प्रदान की गई।
इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि,विभिन्न विभागों के जिलाध्यक्ष, पत्रकार बंधु, प्राचार्य, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कृषक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ स्थापना दिवस समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।





