जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार जामदा-भूतिया ( धार )
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सुनी समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश।
धार। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत धार जिले के जामदा-भूतिया में खाटला बैठक एवं जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर मीना ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए ग्रामीणों को जागरूक होकर योजनाओं का लाभ लेना चाहिए।
कलेक्टर ने इस वर्ष कम वर्षा एवं जल की सीमित उपलब्धता को देखते हुए किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की बोवनी करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान उपलब्ध जल संसाधनों को ध्यान में रखते हुए फसलों का चयन करें, ताकि जल का समुचित उपयोग हो और कृषि कार्य प्रभावित न हों।
बैठक में लोकहित से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने ग्रामीणों से जनहित के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी।
कलेक्टर ने भी ग्रामीणों से अपराधों से दूर रहने और प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद एवं समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।
खाटला बैठक में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव खुलकर रखे। कलेक्टर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका प्राथमिकता एवं चरणबद्ध तरीके से निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन को सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
इसके साथ ही कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने हाई स्कूल केशवी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रमोद सिंह गुर्जर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





