बिलाल खत्री
बड़वानी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, स्वामित्व योजना, अल्प वर्षा की स्थिति, आगामी त्योहारों पर कानून-व्यवस्था, राष्ट्रीय एकता दिवस, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस और गोवर्धन पूजा कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। बड़वानी एनआईसी कक्ष से कलेक्टर जयति सिंह, पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्पित गुप्ता, अपर कलेक्टर हेमलता सोलंकी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल लंबित एवं 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों और लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना के तहत दैनिक मॉनिटरिंग कर कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अल्पवर्षा की स्थिति में जिन क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा हुई है उन क्षेत्रों में उत्पन्न परिस्थितियों एवं अन्य विषयों को लेकर चर्चा की गई।
खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के संबंध में आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटी सामग्री के निर्माण से पहले ही प्रभावी कार्रवाई करने तथा अच्छा कार्य करने वाले प्रतिष्ठानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप के उपयोग पर प्रतिबंध के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस और 1 नवंबर 2026 को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर भी समीक्षा की गई। साथ ही दुग्ध उत्पादन और गौपालन को प्रोत्साहन देने के लिए गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के संबंध में भी चर्चा की गई।





