ad
best news portal development company in india

धार में पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ शस्त्र पूजन समारोह।

SHARE:

 
जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार

प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा—शास्त्र हमें नीति, न्याय और अनुशासन की शिक्षा देते हैं, समाज शास्त्रों के अनुसार चले।

धार। विजयादशमी के पावन पर्व पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में पारंपरिक शस्त्र पूजन समारोह उत्साह, आस्था और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया।
समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, क्षेत्रीय विधायक नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदारसिंह मेढ़ा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार शस्त्रों को सजाकर धूप-दीप अर्पित किए गए तथा विधिवत आरती की गई।
शास्त्रों के सिद्धांतों से समाज में स्थापित होता है न्याय
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि सनातन परंपरा में शास्त्र नीति, न्याय और अनुशासन की शिक्षा देते हैं। समाज को शास्त्रों में बताए गए सिद्धांतों और मर्यादाओं के अनुरूप चलना चाहिए। जब समाज इन सिद्धांतों का पालन करता है, तभी शांति, सद्भाव और न्याय की स्थापना होती है।
उन्होंने कहा कि शस्त्रों का उद्देश्य असहायों की रक्षा करना, समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। शस्त्रों का उपयोग अंतिम विकल्प के रूप में ही किया जाना चाहिए।
जिले में 40 प्रतिशत कम वर्षा पर जताई चिंता
प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने जिले में इस वर्ष औसत से लगभग 40 प्रतिशत कम वर्षा होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कम वर्षा के कारण जल संकट की चुनौती बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में प्रत्येक नागरिक को पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए जल संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने परिवारों से जल संरक्षण की योजनाएं बनाने तथा घरों में आरओ से निकलने वाले अनुपयोगी पानी को बागवानी, धुलाई और अन्य घरेलू कार्यों में इस्तेमाल करने का आग्रह किया। उन्होंने जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए पानी बचाने की आदत अपनाने पर जोर दिया।
पुलिस जवानों ने हर्ष फायर कर निभाई परंपरा
कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल के जवानों ने हर्ष फायर कर परंपरा का निर्वहन किया। समारोह का समापन विजयादशमी एवं आगामी दीपावली पर्व की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने पर्व की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *