जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार सरदारपुर
विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कलेक्टर को सौंपे दो पत्र, नर्मदा के पानी से खाली तालाब भरने की भी उठाई मांग।
सरदारपुर। धार जिले में इस वर्ष सामान्य से कम बारिश होने के कारण किसानों के सामने रबी फसल की सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कई बांध और सिंचाई तालाब पर्याप्त रूप से नहीं भर पाए हैं। ऐसे में किसानों को राहत दिलाने के लिए सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
रविवार को सरदारपुर के खेल परिसर मैदान में आयोजित ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान विधायक ग्रेवाल ने धार जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीणा को दो अलग-अलग पत्र सौंपे। इनमें एक पत्र में धार जिले को सूखाग्रस्त अथवा अल्प वर्षा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर विशेष राहत पैकेज देने तथा दूसरे पत्र में प्रमुख खाली जलाशयों और सिंचाई तालाबों को नर्मदा के पानी से भरने की मांग की गई है।
रबी फसल के लिए सिंचाई जल उपलब्ध कराने की मांग
विधायक ग्रेवाल ने कलेक्टर को सौंपे पत्र में कालीकराय बांध, गोविंदपुरा जलाशय, उण्डेली तालाब, मेस्को डेम, भोपावर तालाब और आनंदखेड़ी तालाब सहित अन्य प्रमुख सिंचाई जलाशयों को नर्मदा माइक्रो सिंचाई परियोजना के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर भरने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कम वर्षा के कारण जलाशयों में पर्याप्त पानी नहीं है। यदि समय रहते इन जलाशयों को नर्मदा के पानी से नहीं भरा गया तो आगामी रबी फसल की सिंचाई प्रभावित हो सकती है और इसका सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा।
पेयजल संकट को लेकर भी चिंता
विधायक ने गोविंदपुरा जलाशय को लेकर विशेष चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरदारपुर और राजगढ़ नगर की पेयजल व्यवस्था इस जलाशय से जुड़ी हुई है। कम बारिश के कारण जलाशय पर्याप्त नहीं भर पाया है। इसलिए भविष्य में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए गोविंदपुरा जलाशय में भी नर्मदा का पानी छोड़ा जाना आवश्यक है।
सामान्य से करीब 13 इंच कम बारिश
मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से भेजे पत्र में विधायक ग्रेवाल ने बताया कि 3 अक्टूबर 2026 तक धार जिले में करीब 19.41 इंच वर्षा दर्ज हुई है, जबकि जिले की सामान्य वर्षा करीब 33 इंच है। इस तरह जिले में सामान्य से लगभग 13 इंच कम बारिश हुई है। सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सामान्य की तुलना में वर्षा कम हुई है।
विधायक ने कहा कि कम बारिश के कारण किसानों के सामने रबी फसल की सिंचाई का संकट उत्पन्न हो गया है। इसलिए धार जिले को तत्काल सूखाग्रस्त/अल्प वर्षा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर विशेष राहत पैकेज दिया जाना चाहिए।
“किसानों को राहत देना सरकार की प्राथमिकता हो”
विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि किसानों की स्थिति को देखते हुए सरकार और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ तत्काल निर्णय लेना चाहिए। जलाशयों में नर्मदा का पानी पहुंचाने से जहां रबी फसल के लिए सिंचाई का संकट कम होगा, वहीं गोविंदपुरा जलाशय को भरने से सरदारपुर और राजगढ़ की पेयजल व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने प्रशासन से दोनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि किसानों की फसल और क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को बचाने के लिए अब तत्काल कदम उठाना जरूरी है।





