धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
धार, 27 अगस्त 2026। जिले में नशीली दवाओं के बढ़ते प्रचलन को नियंत्रित करने तथा युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में पुलिस सभाकक्ष में जिला स्तरीय नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन (NCORD) की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली बीमारियों तथा सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए पूरे जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या के प्रभावी समाधान के लिए सामाजिक चेतना एवं सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।
कलेक्टर श्री मीना ने शिक्षण संस्थानों के वातावरण को सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल एवं कॉलेजों में नियमित रूप से विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएं। उन्होंने शिक्षा विभाग को शैक्षणिक परिसरों में विशेष नशामुक्ति अभियान संचालित करने तथा विद्यार्थियों को खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में नशामुक्ति के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं के माध्यम से प्रभावी जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा। साथ ही बिना अनुमति के नशीले पौधों की खेती अथवा रोपण की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था के संबंध में चर्चा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने तथा अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के साथ निरंतर कार्यवाही की जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने कहा कि नशे से संबंधित संदिग्ध गतिविधियां होने की संभावना वाले स्थानों पर निगरानी रखे। कही कोई इस प्रकार की अवैध गतिविधियां पाए जाने पर प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। इसकी सूचना प्रशासन को दे। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





