संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
धार परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के आदेश के परिपालन में जिले में परिवहन विभाग द्वारा 18 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धार श्री हृदेश यादव के नेतृत्व में परिवहन उप निरीक्षक कुमारी दिव्या पाटीदार, सहायक वर्ग-2 श्री मधुकर सिसोदिया एवं टीम द्वारा विभिन्न वाहनों की सघन जांच की गई।
विशेष अभियान के तहत धार जिले के बगड़ी एवं घाटा बिल्लौद क्षेत्र में वाहनों की विशेष चेकिंग की गई। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई तथा लगभग 2 लाख 16 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया।
इसके अतिरिक्त 19 अगस्त 2026 को जप्त की गई एक यात्री बस से 6 लाख 57 हजार 384 रुपये का बकाया मोटरयान कर जमा करवाया गया। इसी प्रकार एक डंपर को जप्त कर उससे लगभग 1 लाख 82 हजार रुपये का बकाया मोटरयान कर जमा करवाया गया।
अभियान के दौरान 6 अन्य वाहनों को भी जप्त कर निराकरण की प्रत्याशा में कार्यालय परिसर में खड़ा किया गया है। परिवहन विभाग द्वारा वाहन दस्तावेजों, कर एवं अन्य आवश्यक वैधानिक प्रावधानों के संबंध में लगातार जांच की जा रही है।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, धार द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर वाहनों की चेकिंग एवं नियमानुसार कार्यवाही की जाती है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालानी एवं जप्ती की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। इसका उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।





