ad
best news portal development company in india

कुक्षी में शानो-शौकत और सादगी के साथ मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी

SHARE:

धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री

कुक्षी। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर कुक्षी नगर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का विशाल जुलूस बड़े उत्साह, धार्मिक श्रद्धा और आपसी भाईचारे के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन, युवा, बच्चे और वरिष्ठजन शामिल हुए। नगर में जगह-जगह जुलूस का पुष्पवर्षा, पानी, नाश्ता, फल, आइसक्रीम, चॉकलेट और बिस्किट से भव्य स्वागत किया गया।

जुलूस सुबह करीब 9 बजे बढ़पुरा जामा मस्जिद से प्रारंभ हुआ। जुलूस भावसार मोहल्ला, रंगारा मोहल्ला, भामी मोहल्ला, सिर्वी मोहल्ला, घंटाघर, मंगलवारीया, सिनेमा चोपाटी और मंडी चौराहा होते हुए दोपहर करीब 12 बजे पुनः बढ़पुरा मोहल्ला पहुंचकर संपन्न हुआ।

विधायक ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

सिनेमा चोपाटी पर कुक्षी विधायक सुरेंद्र सिंह हनी बघेल ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान धर्मगुरुओं का भी शानदार स्वागत किया गया। वहीं नगर परिषद कुक्षी की ओर से नगर परिषद उपाध्यक्ष शेख शब्बर हुसैन जीनवाला, कनकमल सोनी एवं डॉ. निर्मल पाटीदार ने मंगलवारीया क्षेत्र में जुलूस का ऐतिहासिक स्वागत किया।

वाल्मीकि समाज कुक्षी की ओर से भी जश्ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस पर पुष्पवर्षा कर सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया। वहीं लोहा मंडी में बोहरा समाज की ओर से भी जुलूस का स्वागत किया गया। इसके अलावा नगर के अनेक स्थानों पर विभिन्न समाजों और नागरिकों ने जुलूस का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

ढोल-डीजे के बिना सादगी से निकला जुलूस

इस वर्ष जुलूस की सबसे खास बात यह रही कि इसमें ढोल-ताशे और डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। जुलूस में शामिल लोग सादगी के साथ नाते नबी पढ़ते हुए आगे बढ़े। इससे पूरे आयोजन में धार्मिक वातावरण के साथ शांति, अनुशासन और सौहार्द की सुंदर झलक देखने को मिली।

जुलूस में नन्हे-मुन्ने बच्चे रंग-बिरंगी पोशाकों में हाथों में इस्लामी परचम लेकर उत्साहपूर्वक शामिल हुए। युवा नाते नबी गुनगुनाते हुए और नारों की सदाएं बुलंद करते हुए चल रहे थे। वहीं समाज के वरिष्ठजन एवं उलमा बग्गी में सवार होकर जुलूस की शोभा बढ़ा रहे थे।

जगह-जगह हुआ स्वागत, बच्चों में दिखा उत्साह

जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लोगों द्वारा पानी, नाश्ता, फल, आइसक्रीम, चॉकलेट और बिस्किट का वितरण किया गया। स्वागत स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। पूरे आयोजन के दौरान आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की मिसाल देखने को मिली।

जुलूस के समापन के बाद देश में अमन-चैन, तरक्की, खुशहाली और आपसी सौहार्द के लिए विशेष दुआ की गई।

प्रशासन की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण आयोजन

जुलूस को लेकर स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगरीय प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रशासनिक तैयारियों और समाजजनों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

अंत में मुस्लिम समाज के वरिष्ठजनों ने जुलूस को सफल बनाने में सहयोग करने वाले प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर परिषद, स्वागतकर्ताओं, विभिन्न समाजों एवं सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कुक्षी में आयोजित यह जश्ने ईद मिलादुन्नबी का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल बनकर सामने आया।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई