खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
सीएम हेल्पलाइन की 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के निराकरण पर फोकस,
दिसंबर तक सभी स्कूलों में बेंच-टेबल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित
खरगोन । कलेक्टर गुरु प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागृह में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर गुरु प्रसाद ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं स्थापना की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा 5वीं से 8वीं तक के टॉपर विद्यार्थियों की जानकारी भी प्राप्त की। स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक बेंच-टेबल की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए इसकी जिम्मेदारी जिला अधिकारियों को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिसंबर तक जिले के सभी स्कूलों में बेंच-टेबल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा जाए।
कलेक्टर गुरु प्रसाद ने छात्रावासों के निरीक्षण के लिए जिला अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में ऑनलाइन क्लास की व्यवस्था सितंबर माह तक शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष फोकस करने को कहा। राजस्व, ग्रामीण विकास एवं जनजातीय कार्य विभाग की शिकायतों के लंबित रहने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर गुरु प्रसाद ने पीओ डूडा को अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अच्छा कार्य करने वाले पटवारियों को पुरस्कृत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने झिरन्या एवं बड़वाह के बीएमओ को प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएचओ को आगामी 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान फॉर्मर आईडी, समग्र केवाईसी, आधार कार्ड, अपार आईडी तथा पीएम श्रम मानधन योजना की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर गुरु प्रसाद ने भीकनगांव में आयोजित कैंप से संबंधित 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा की। 180 दिवस से अधिक लंबित अनुग्रह सहायता के आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। जनशिकायत कैंप में नए बैंक खाते खोलने एवं केवाईसी के लिए पोस्ट ऑफिस तथा बैंकों के अधिकारियों को आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की गई। विधायक एवं सांसद निधि से स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति, उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों तथा लंबित भू-अर्जन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पेपर न्यूज में प्रकाशित जनसमस्याओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य विभागों से प्राप्त पत्रों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर गुरु प्रसाद ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े प्रकरणों में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।





