संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
धार कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देशानुसार एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश के आदेशानुसार, खाद्य सुरक्षा प्रशासन जिला धार द्वारा शुक्रवार को इंदौर-अहमदाबाद रोड पर धार एवं सरदारपुर तहसील में स्थित ढाबों और होटलों पर एनालॉग पनीर के उपयोग की आशंका में औचक निरीक्षण एवं नमूना कार्यवाही की गई।
इंदौर-अहमदाबाद रोड पर ग्राम गुणावद तहसील धार स्थित होटल सादगी से पनीर, दही एवं स्टार्च पाउडर के नमूने लेकर लगभग 08 किलो पनीर एनालॉग पनीर होने की आशंका में जप्त किया गया। कलसाडा खुर्द स्थित होटल ग्रांड प्रलाद एंड रिज़ॉर्ट से पनीर, दही, बटन मशरूम एवं सोया चाप के नमूने लिए गए। कलसाडा खुर्द स्थित नंदन होटल से पनीर एवं नमकीन के नमूने लिए गए तथा कलसाडा खुर्द स्थित रवि होटल से दही का नमूना लिया गया। यह पूरी कार्यवाही वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती निर्मला सोमकुंवर के नेतृत्व में की गई।
इसी प्रकार, खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम द्वारा तहसील सरदारपुर में इंदौर-अहमदाबाद रोड पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसमें सबसे पहले राजगढ़ शहर में स्थित चारभुजा ट्रेडर्स से दीप भक्ति मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल, प्रीत लाइट गोल्ड कुकिंग मीडियम एवं पनीर के नमूने लिए गए; महाकाल रेस्टोरेंट पावर ग्रिड के सामने से पनीर का नमूना लिया गया; वीर तेजाजी राजस्थान होटल से पनीर तथा बोधवाड़ा स्थित होटल कलाश्री से पनीर का नमूना जांच हेतु लिया गया।
सरदारपुर क्षेत्र में यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी श्री सचिन लौगरिया के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आर.जी. माऊटा एवं श्री सुभाष खेड़कर के द्वारा संयुक्त रूप से की गई। विभाग द्वारा सभी नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।





